संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC की प्रारंभिक सिविल सेवा परीक्षा CSE Prelims 2026 के लिए रविवार को भोपाल के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज Mittal Institute of Pharmacy के परीक्षा केंद्र के बाहर भविष्य के संभावित कलेक्टरों को परीक्षा हॉल के पहले जो परीक्षा देना पड़ी, वह चिलचिलाती धूप में बेहद कष्टप्रद रही। यातायात अव्यवस्था के कारण जाम लगा तो चाय की दुकान में 100-100 रुपए देकर सामान को रखना पड़ा। देखिये यूपीएससी के परीक्षा केंद्र के बाहर की अव्यवस्था पर रिपोर्ट।
संघ लोक सेवा आयोग UPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा CSE Prelims 2026 पूरे देश में रविवार को दो पालियों में आयोजित की गई थी। लगभग 933 रिक्तियों को भरे जाने के लिए करीब 8 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया था। भोपाल में नवीबाग करोंद के मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी Mittal Institute of Pharmacy में भी परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया था मगर यहां यातायात व्यवस्था ऐसी गड़बड़ाई की परीक्षार्थी और उनके अभिभावक जाम में ही फंस गए।
चाय की दुकान पर सामान रखने को मजबूर हुए
साथ ही परीक्षार्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए Mittal Institute of Pharmacy केंद्र ने कोई व्यवस्था नहीं की थी और वहां परीक्षार्थियों या उनके साथ पहुंचे अभिभावकों को सामान जहां वे ठहरे हैं उस होटल या अन्य स्थान पर रखकर आने को कहा जाता रहा। इस परेशानी का कॉलेज के बाहर स्थित एक चाय की दुकान वाले ने फायदा उठाते हुए प्रति परीक्षार्थी 100-100 रुपए लेकर उनके सामान को अपने यहां रखने की व्यवस्था बना ली। दुकानदार ने एक पाली के लिए 100 रुपए की दर निर्धारित कर दी और मजबूरन लोगों ने उसके यहां सामान व गाड़ियों की चाबी आदि रखकर परीक्षा केंद्र Mittal Institute of Pharmacy में परीक्षा दी।
