भोपाल। मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 के तहत मकानसूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य शनिवार को पूरा कर लिया गया। यह कार्य एक मई से शुरू हुआ था और 30 मई तक पूरा होना था। इसमें एकत्रित जानकारी के लिए 33 प्रश्नों की प्रश्नावली थी जिसमें दी गई जानकारी को लेकर जनगणना का दावा है कि यह पूरी तरह से गोपनीय रहेगी।
जनगणना के इस चरण में मकानसूचीकरण और मकानों की गणना के लिए प्रगणक ग्राम और नगरीय क्षेत्र के घर-घर पहुंचे और उसमें रहने वाले लोगों की जानकारी एकत्रित की। इसमें परिवार के मुखिया और उसके सदस्यों से लेकर उसकी आर्थिक स्थिति के आकलन के लिए परिसंपत्तियों के बारे में भी जानकारी का ब्योरा लिया गया। मकान की स्थिति के बारे में भी इसमें जानकारी लेकर मोबाइल एप से उसे रिकॉर्ड में लिया गया।
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के इस पहले चरण का कार्य मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों के 425 नगरीय निकाय और 449 तहसीलों के 54923 गांव में किया गया। इस अभियान में 1 लाख 37 हजार मकानसूचीकरण ब्लाकों में एक लाख 44 हजार प्रगणक व पर्यवेक्षकों ने इस कार्य को पूरा किया। 15 हजार प्रगणक व पर्यवेक्षकों की रिजर्व टीम भी रखी गई थी। जनगणना 2027 के लिए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व गणना प्रक्रिया भी संचालित की गई थी जिसमें करीब सात लाख परिवारों ने भाग लिया था।
